बुधनी, जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन…

बुधनी, संवाददाता दीपक जाट– शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा प्रशासन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को जन विश्वास अभियान के अंतर्गत नगर परिषद बुधनी कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में माननीय विधायक रामाकांत भार्गव जी, कलेक्टर के. बालागुरु एवं अपर कलेक्टर श्रीमती सरजना यादव की विशेष उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष महेन्द्र शर्मा, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सुनीता अर्जुन मालवीय, नगर परिषद उपाध्यक्ष सत्येन्द्र शर्मा एवं समस्त पार्षदगण सहित जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि सतीश गुप्ता, धीरेंद्र तिवारी, किशन मालवीय, जिला मंत्री राजेश पाल एवं स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर अर्जुन मालवीय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में एसडीएम संजीव नागू, तहसीलदार राकेश खजुरिया, जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जितेन्द्र सिंह धाकड़, एसडीओपी रवि शर्मा एवं थाना प्रभारी महेन्द्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता
शिविर का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाना तथा उनकी समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आम नागरिकों एवं हितग्राहियों से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं पर आवश्यक कार्यवाही की गई।
माननीय विधायक रामाकांत भार्गव जी ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को बिना किसी परेशानी के शासकीय योजनाओं का लाभ मिले। जन विश्वास अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनता है और समाधान की दिशा में कार्य करता है।
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर के. बालागुरु ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों एवं जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रशासन की प्राथमिकता आम नागरिकों को सरल, सहज एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना है।
अपर कलेक्टर श्रीमती सरजना यादव, एसडीएम संजीव नागू एवं तहसीलदार राकेश खजुरिया सहित अन्य अधिकारियों ने भी विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
नगर परिषद एवं जनपद पंचायत की रही सक्रिय सहभागिता
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीईओ जितेन्द्र सिंह धाकड़ तथा नगर परिषद बुधनी के मुख्य नगर पालिका अधिकारी डॉ. प्रशांत जैन की विशेष सहभागिता रही। उनके मार्गदर्शन में संबंधित विभागों एवं नगर परिषद के अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा शिविर की व्यवस्थाओं एवं आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई गई।
इस अवसर पर नगर परिषद उपाध्यक्ष सत्येन्द्र शर्मा एवं पार्षदगण श्रीमती राखी कैथवास, श्रीमती ज्योति प्रमोद पंजाबी, संतोष सिंह, श्रीमती हेमलता शिवहरे, प्रभात सिंह भदौरिया, यशवंत चौहान, प्रवीण चौहान, श्रीकांत शर्मा, श्रीमती सुखवती धुर्वे, श्रीमती रजनी हृदयलाल सिंह आजाद, श्रीमती आरती किशन मालवीय, श्रीमती गीता टेकाम एवं श्रीमती पूजा राहुल रिठोरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित इस जिला स्तरीय विशेष शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने, जनसमस्याओं के निराकरण तथा प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

