उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को 71वें स्थापना दिवस की दी शुभकामनाए…

भोपाल, सं. अभय मरकले – उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, समृद्ध प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक धरोहर और मेहनतकश जनता प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। प्रदेश ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर हो रहे प्रयास मध्यप्रदेश को नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध हों।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। आइए, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर हम सभी प्रदेश की एकता, समृद्धि और विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने तथा विकसित, आत्मनिर्भर एवं खुशहाल मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लें। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



