देश

लद्दाख में काउंसिल चुनाव से पहले सोनम वांगचुक पर प्रशासन का शिकंजा, 60 दिन की पाबंदी

नई दिल्ली 
 सामाजिक कार्यकर्ता और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आंदोलन में अभिजीत दीपके का साथ देने वाले सोनम वांगचुक को 60 दिनों के लिए नजरबंद कर दिया गया है। रैलियों या जुलूसों में हिस्सा लेने पर रोक लगा दी गई है। लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने यह आदेश जारी किया है। आपको बता दें कि 4 दिसंबर को लद्दाख में काउंसिल चुनाव होने वाले हैं। प्रशासन ने पुलिस की एक रिपोर्ट के आधार पर उन पर पाबंदियां लगाने का अनुरोध किया था। मजिस्ट्रेट ने वांगचुक की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए BNSS की धारा 163 का इस्तेमाल किया है। आदेश में कहा गया है, "यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा और 60 दिनों तक प्रभावी रहेगा।"

लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद (Ladakh Autonomous Hill Development Council) के चुनाव के लिए 4 दिसंबर को वोटिंग होने वाली है। सोनम वांगचुक और अन्य स्थानीय नेताओं ने चुनावों के समय का विरोध किया है।

क्या है पूरा विवाद?
2019 में केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद लद्दाख में यह पहला बड़ा चुनाव होने जा रहा है। सोनम वांगचुक और स्थानीय संगठनों का कहना है कि दिसंबर में लद्दाख में भीषण ठंड पड़ती है और बड़ी संख्या में लोग खासकर छात्र और कामगार अस्थायी रूप से बाहर चले जाते हैं। ऐसे में चुनाव कराने से हजारों मतदाता वोट डालने से वंचित रह जाएंगे। वहीं, लद्दाख के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सर्दियों में चुनाव कराने के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि प्रशासन मतदान केंद्रों पर हीटर की व्यवस्था करेगा और बुजुर्गों के लिए अलग कतारें लगाई जाएंगी।

उन्होंने कहा, "लद्दाख में स्कूल आमतौर पर 15-16 दिसंबर तक खुले रहते हैं। जब बच्चे इस मौसम में स्कूल जा सकते हैं, तो वयस्कों को वोट डालने के लिए बाहर निकलने में कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। समय पर परिषदों का गठन जरूरी है ताकि नए चुने गए निकाय जनवरी से मार्च के बीच अगले वित्तीय वर्ष का बजट तैयार कर सकें।''

क्या बोले सोनम वांगचुक?
इस आदेश के कुछ ही देर पहले सोनम वांगचुक ने बताया था कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है और दर्जनों पुलिसकर्मियों ने उनके घर को घेर लिया है। उन्होंने कहा, "मैं नजरबंद हूं। मेरे घर के चारों ओर हथियारों से लैस दर्जनों गार्ड तैनात हैं। सरकार का कहना है कि मुझे घर पर रहने की सलाह दी गई है। यह सब इसलिए हुआ क्योंकि मैंने कुछ तीखे सवाल पूछे थे।''

आपको बता दें कि नए जिलों के गठन के बाद अब लेह और कारगिल की पुरानी 26-26 सीटों को बढ़ाकर 50-50 कर दिया गया है। यानी कुल 8 परिषदों में 100 सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें 36 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 17 नवंबर है, 18 नवंबर को जांच होगी और 20 नवंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 4 दिसंबर को वोटिंग और 8 दिसंबर को मतगणना होगी।

लद्दाख की 192 पंचायतों में से 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं, बाकी 137 पदों पर मतदान होगा। लेह नगर पालिका के 21 वार्डों और कारगिल के 17 वार्डों (4 निर्विरोध) के लिए भी प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button